गौतमबुद्ध नगर : नोएडा की फेस-3 पुलिस ने एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज को मुठभेड़ में पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 10 लाख रुपए की ज्वैलरी बरामद की है।
पुलिस सेक्टर 61 कट पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। आरोपी ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान शिवा उर्फ शिव कुमार उर्फ लखविंदर बावरिया के रूप में हुई है। वह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। फिलहाल दिल्ली के कृष्णा गंज में रहता है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। एक चोरी की स्प्लेंडर बाइक भी मिली है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर के अलावा गोवा, जयपुर, हरिद्वार, मनाली और मसूरी में भी वारदात करता था। वह हवाई जहाज से यात्रा करता था। पांच सितारा होटलों में रुकता था। चोरी के जेवर प्रतिष्ठित ज्वैलर्स को बेच देता था। पुलिस आरोपी के अन्य अपराधों की जानकारी जुटा रही है।



