नोएडा : नोएडा के सेक्टर-35 स्थित सुमित्रा अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की जान गई।
परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर थाना सेक्टर-24 पुलिस पहुंची। परिजनों को समझाया और आश्वास्त किया कि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
दो दिन पहले कराया था एडमिट
सेक्टर-24 में रहने वाले श्री पाल (65) को दो दिन पहले सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। जिसके बाद परिजन उनको सुमित्रा अस्पताल लेकर गए। श्री पाल के बेटे योगेश चौहान ने बताया कि अस्पताल में उनको एडमिट कर लिया।
इसके बाद से उनकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने पहले बताया कि उनके लंग्स में पानी भर गया है। इसके बाद कल बताया कि उनको डेंगू हो गया है। प्लेटलेट्स गिर रहे हैं। इसके बाद हालत और बिगड़ गई।
परिजनों का आरोप रात में हो गई थी मौत
योगेश ने बताया कि डॉक्टरों ने सुबह श्री पाल डेथ बता दिया। जबकि रात से ही उनके शरीर में कोई हल चल नहीं थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि जिस बीमारी का इलाज अस्पताल को करना चाहिए था उसका इलाज नहीं किया गया, बल्कि लापरवाही बरती गई।
इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। पुलिस को बुला लिया। उधर अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। बॉडी को रिलीज किया गया।



