रेजिडेंशियल प्लॉट पर पैथोलॉजी लैब चलाने का आरोप, 15 दिन में मांगा जवाब
रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड स्टेट हाउसिंग बोर्ड ने नोटिस जारी किया है। मामला रांची के हरमू इलाके में स्थित आवासीय प्लॉट से जुड़ा है।
बोर्ड का आरोप है कि यह प्लॉट केवल आवासीय उद्देश्य से आवंटित किया गया था, लेकिन वर्तमान में वहां कथित तौर पर एक पैथोलॉजी लैब संचालित की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह आवंटन की शर्तों का उल्लंघन है।
नोटिस में धोनी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो प्लॉट का आवंटन रद्द करने की सिफारिश की जा सकती है।
बोर्ड की कार्रवाई तेज, पहले भी शुरू हुई है जांच
सूत्रों के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड ने हाल के दिनों में ऐसे कई मामलों की समीक्षा शुरू की है, जिनमें आवासीय प्लॉट का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन किसी के लिए भी स्वीकार्य नहीं है, चाहे वह आम नागरिक हो या कोई चर्चित हस्ती।
बोर्ड का उद्देश्य आवंटन की शर्तों को सख्ती से लागू करना है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धोनी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें झारखंड का गौरव बताया था।
15 दिनों में देना होगा जवाब, जवाब पर कार्रवाई निर्भर
नोटिस में महेंद्र सिंह धोनी को 15 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। उनके स्पष्टीकरण के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, धोनी फिलहाल हरमू स्थित इस मकान में नहीं रहते हैं। उन्होंने रिंग रोड पर अपना फार्महाउस बना रखा है और रांची प्रवास के दौरान वहीं ठहरते हैं।
अब सबकी नजर उनके जवाब पर टिकी है। यदि हाउसिंग बोर्ड को उनका जवाब संतोषजनक नहीं लगा, तो आवंटन रद्द करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
धोनी को झारखंड स्टेट हाउसिंग बोर्ड का नोटिस
RELATED ARTICLES



