एमसीडी में अलग गुट बनाने की घोषणा; मुकेश गोयल तीसरे मोर्चे का नेतृत्व करेंगे
नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है। दिल्ली नगर निगम में आप के 15 नगर पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है। इन्होंने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम से तीसरा मोर्चा बनाने की घोषणा भी कर दी है।
मुकेश गोयल नए मोर्चे का नेतृत्व करेंगे। इस्तीफा देने वाले अन्य पार्षदों में हेमचंद गोयल, हिमानी जैन, रुनाक्षी शर्मा, उषा शर्मा, अशोक पांडेय, राखी यादव, साहिब कुमार, राजेश कुमार लाडी, मनीषा, सुमन अनिल राणा, देविंदर कुमार और दिनेश भारद्वाज शामिल हैं।
दिल्ली नगर निगम में नंवबर, 2022 से अप्रैल, 2025 तक आप सत्ता में थी। इस साल 25 अप्रैल को नगर निगम के चुनाव हुए थे, लेकिन आप ने चुनाव बहिष्कार कर दियाय़ भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भाजपा उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह ने 133 वोटों के साथ जीत हासिल की। कांग्रेस को महज 8 वोट ही मिले थे।
पार्षदों ने कहा- जनता से किए वादे पूरा नहीं कर पाए
आप के पार्षदों ने एक प्रेस रिलीज के जरिए इस्तीफा देने की जानकारी थी। इसमें 13 पार्षदों के सिग्नेचर हैं और लिखा है, हम सभी पार्षद एमसीडी में साल 2022 में आप की टिकट से चुने गए थे। हालांकि, 2022 में चुनाव जीतने के बावजूद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एमसीडी को ठीक से नहीं चला पाया।
बड़े नेताओं का पार्षदों से आपस में समन्वय न के बराबर रहा, जिसके कारण पार्टी विपक्ष में आ गई। जनता से किए गए वादे को पूरा न कर पाने के कारण हम पार्षद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।



