Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडात्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 की तैयारियों की समीक्षा हेतु...

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 की तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक सम्पन्न

गौतमबुद्ध नगर : जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्य से जुड़ी सभी गतिविधियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर भी सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को समुचित रूप से प्रशिक्षण दिया जाए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों का वृहद पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग है। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत त्रिस्तरीय पंचायत की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण 2025 हेतु 19 अगस्त 2025 से 29 सितंबर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण तथा हस्तलिखित पांडुलिपि तैयार करने का कार्य संपादित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने, अशुद्ध प्रविष्टियों को संशोधित करने एवं मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, पंचायत सचिवों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर सत्यापन कार्य में पूरी सावधानी बरती जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित प्रपत्रों एवं दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। विशेष रूप से युवा मतदाताओं जो 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हो (18 वर्ष पूर्ण करने वाले) के पंजीकरण पर विशेष जोर देने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार जेवर ओम प्रकाश पासवान, तहसीलदार दादरी अजय कुमार, खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा सिंह, खंड विकास अधिकारी बिसरख फनीस कुमार, खंड विकास अधिकारी जेवर अशोक पाल सिंह एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) राकेश शर्मा सहित समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments