Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडाडिलीवरी बॉय लेकर अश्विन के घर घुसी नोएडा पुलिस:मुंबई को उड़ाने की...

डिलीवरी बॉय लेकर अश्विन के घर घुसी नोएडा पुलिस:मुंबई को उड़ाने की धमकी देने वाला 5 घंटे में अरेस्ट, जहां सिम ली उस CCTV से पहचान

नोएडा : मुंबई में गणेश उत्सव के बीच ब्लास्ट की धमकी देने वाले शख्स को नोएडा से शनिवार को गिरफ्तार किया गया। नोएडा पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच ने ये गिरफ्तारी महज 5 घंटे में की है। आरोपी 50 साल के अश्विन कुमार सुप्रा को उसके फ्लैट से पकड़ा गया। फिलहाल, मुंबई क्राइम ब्रांच आरोपी को अपने साथ ले गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया- आरोपी ने नए सिम और नए मोबाइल से फिरोज नाम की वॉट्सऐप आईडी बनाई। प्रोफाइल पर फिरोज की फोटो लगाई। मुंबई ट्रैफिक पुलिस को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर धमकी दी। धमकी भरे मैसेज के नीचे भी फिरोज का नाम लिखा।

गुरुवार देर रात धमकी भरे मैसेज में लिखा था, ‘लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं। आतंकियों ने 400 किलो RDX 34 गाड़ियों में फिट कर दिया है। वे बड़ा ब्लास्ट करने वाले हैं, जिससे एक करोड़ लोगों की मौत हो सकती है।’ अब सिलसिलेवार जानिए, कैसे अश्विन की गिरफ्तारी हुई…

जहां सिम लिया, वहां की CCTV में दिखा अश्विन

धमकी के बाद अश्विन ने मोबाइल बंद कर दिया। ऐसे में लोकेशन के बारे में सटीक जानकारी नहीं मिल पा रही थी। मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की तब IP एड्रेस और नंबर की लोकेशन नोएडा आई। मुंबई पुलिस के अपर पुलिस आयुक्त ने पुलिस कमिश्नर नोएडा से संपर्क किया।

नोएडा पुलिस ने सबसे पहले सर्फाबाद के उस वेंडर का पता लगाया, जहां से सिम निकलवाई गई थी। सिम लेने कौन आया, इसकी जानकारी के लिए पुलिस ने उस दिन दुकान के आसपास लगे सारे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली। यहां से पुलिस ने अश्विन की पहचान की।

सामान ले जाने वाले डिलीवरी बॉय के साथ मारा छापा

पुष्टि के लिए पुलिस टीम एक दुकानदार के पास गई, जहां आरोपी अक्सर आता रहता था। वहां से पुलिस को उस डिलिवरी बॉय का नंबर मिला जो आरोपी के घर सामान देने जाता था। इसके बाद डिलिवरी बॉय को पुलिस टीम ने साथ लिया और आरोपी के फ्लैट पर छापा मारा।

पूछताछ में सामने आया कि अश्विन की बात मुंबई निवासी अपने दोस्त से हुई। उसने गणेश विसर्जन पर जुटने वाली भीड़ के बारे में जानकारी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त से मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम का नंबर मांगा। कुछ ही मिनट बाद दोस्त ने आरोपी के पास नंबर भेज दिया। फिर इसी नंबर पर अश्विन ने धमकी भरा मैसेज भेजा।

मां वन विभाग तो पिता टीचर से रिटायर हैं

नोएडा के सेक्टर 79 स्थित सिविटेक स्टेडिया में आरोपी अश्विन अपने मां-पिता और बेटी के साथ सोया था। तभी नोएडा पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे अरेस्ट कर लिया। मां वन विभाग तो पिता टीचर से रिटायर हैं। अश्विन की चार बहनें हैं, जिसमें से दो विदेश में रहती हैं। माता-पिता की पेंशन से ही घर का खर्च चलता है। फ्लैट आरोपी के पिता सुरेश कुमार के नाम से है। इसे करीब पांच साल पहले उन्होंने लिया है।

पटना से आकर 5 साल से ज्योतिष का काम करता था अश्विन

मूलरूप से बिहार के पटना का रहने वाला अश्विन नोएडा में रहकर 5 साल से ज्योतिष का काम करता था। आरोपी अश्विन का पत्नी से तलाक हो चुका है। एक बेटी अश्विन तो दो बच्चे उसकी पत्नी के साथ रहते हैं। जिस फिरोज के नाम इसने धमकी भरा मैसेज लिखा उस व्यक्ति का ना तो कोई पता है, ना कोई मोबाइल नंबर।

फ्राड केस में जिस फिरोज ने जेल भिजवाया, उसी के नाम धमकाया

पुलिस ने आरोपी का फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है। इसके अलावा उसके पास से 4 सिम कार्ड होल्डर, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, एक सिम स्लॉट एक्सटर्नल, दो डिजिटल कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस बरामद मोबाइल की जांच फोरेंसिक लैब में कराएगी।

सूत्रों के मुताबिक, अश्विन ने पूछताछ में मुंबई पुलिस को बताया कि साल 2023 में वह फ्रॉड के एक केस में पटना के जेल में तीन महीने रहा था। तब फिरोज नाम के एक व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिकायत की थी।

अश्विन ने बताया कि वह तब से ही फिरोज से बदला लेना चाहता था, इसलिए उसके नाम से मुंबई पुलिस को मैसेज भेजा था। हालांकि फिरोज कौन है, फ्रॉड का क्या मामला था, ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

मुंबई पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि कम समय में आरोपी से ठीक से पूछताछ नहीं हो सकी है। विस्तृत जानकारी के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए अर्जी लगाई जाएगी। अनुमति मिलते ही आरोपी से फिर पूछताछ होगी। यह पता लगाया जाएगा कि कहीं उसका किसी आतंकी संगठन से तो कभी संपर्क नहीं रहा है।

प्राथमिक जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। मुंबई पुलिस की जिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी की, उसकी अगुआई पुलिस इंस्पेक्टर मिलिंद काटे ने की। आईबी की टीम ने भी शनिवार को नोएडा पुलिस से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। इस पूरे ऑपरेशन में टीम को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने 25 हजार रुपए का इनाम दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments