जयपुर : जयपुर सीएमएचओ की टीम ने चाकसू में एक खाद्य तेल व्यापारी के ठिकाने पर छापा मारा। इस कार्रवाई में टीम ने 1155 किलो मिलावटी सरसों का तेल जब्त कर उसे सील कर दिया। इसके साथ ही, तेल के अलग-अलग बैच से नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि वह इस तेल को आसपास के गांवों और कस्बों में सप्लाई करता है।
जयपुर सीएमएचओ सेकेंड डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- आज सुबह चाकसू के टिगरिया रोड स्थित फर्म मेसर्स चारभुजा ट्रेडर्स पर टीम पहुंची। जहाँ टीम को बड़ी मात्रा में सरसों के तेल का स्टॉक मिला, जो एक टैंक में भरा हुआ था। पूर्व में भी इस फर्म पर छापा मारा गया था, तब फर्म के पास मिले तेल के नमूने अमानक पाए गए थे। उसी क्रम में आज हमारी टीम ने फिर से कार्यवाही की।
मनीष मित्तल ने बताया-
त्योहारी सीजन में यह व्यापारी सुबह जल्दी 9 बजे तक तेल के टीन सप्लाई करके फैक्ट्री बंद कर देता है, जिस पर टीम सुबह 8 बजे फैक्ट्री पर पहुंच गई। मालिक मनोज गुप्ता जाने की तैयारी में था।
टीम ने निरीक्षण करने पर सरसों तेल के 50 टीन रखे हुए थे, जिन पर कोई लेबल, मैन्युफेक्चरिंग की डेट और एक्सपायरी डेट मेंशन थी। इन टिन पर फैक्ट्री का नाम पता भी अंकित नहीं था।
फूड लाइसेंस नहीं था व्यापारी के पास
इसके अलावा फर्म मालिक के पास खाद्य कारोबार करने के लिए फूड लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं था। इस प्रकार बिना नाम, पता अंकित किए सरसों तेल बेचा जाना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन है और मिलावट का आशंका जाहिर करता है।
टैंक में भरा था 300 लीटर से ज्यादा तेल
फैक्ट्री में दूसरी जगह जांच की तो वहां एक टैंक मिला, जिसमें करीब 300 लीटर सरसों का तेल भरा था। इस टैंक से तेल इन टिन में भरकर बाजार में सप्लाई के लिए जाता था। टीम ने जब इस टैंक को खाली करवाया तो उससे 27 टीन भरे गए।
इस तरह टीम ने कुल 77 टीन लगभग 1155 किलो सरसों तेल आगामी आदेशों तक सीज किया गया। टीम में कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर भी शामिल रहे।



