जयपुर : जयपुर के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दोनों स्कूलों द पैलेस और एसएमएस को देर रात मेल कर धमकी दी गई। स्कूल स्टाफ ने सुबह मेल देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। दोनों स्कूलों में बम निरोधक दस्ता, एटीएस और डॉग स्क्वायर्ड की टीम सर्च कर रही हैं। वहीं बच्चों को वापस घर भेज दिया गया था। टीम स्कूलों की हर जगह और क्लास रूम के चप्पे-चप्पे पर छानबीन कर रही है।
द पैलेस स्कूल को तीसरी बार मिली धमकी
माणक चौक थाना इलाके में स्थित द पैलेस स्कूल को रात को मेल किया गया था। मेल में लिखा है-
‘द पैलेस स्कूल के कक्षा 4-7 के क्लासरूम और टॉयलेट में 2 टीएनटी आईईडी विस्फोट होने वाला हैं। 1.45 बजे तक सभी बच्चों को बाहर निकाल लो।’
बता दें कि द पैलेस स्कूल को 3 महीने में तीसरी बार धमकी मिली है। 23 दिन पहले भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल किया गया था। इससे पहले 15 जून (रविवार) को भी मेल के जरिए धमकी दी गई थी।
एसएमएस स्कूल को भी धमकी
एसएमएस स्कूल को भी देर रात 1:33 मेल आया था, जिसका आज सुबह पता चला। पता लगने पर स्कूल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम के अलावा बम निरोधक दस्ता, एटीएस और डॉग स्क्वायर्ड की टीम पहुंची। स्कूल के बच्चों को वापस घर भेज दिया गया था। टीम एक-एक क्लासरूम की तलाशी ले रही है।
साइबर टीम लगा रही पता
डीसीपी नॉर्थ करन शर्मा ने कहा- स्कूल को धमकी भरे मेल मिलने की जानकारी पर आज सुबह सीनियर अधिकारी, बम निरोधक दस्ता, एटीएस और डॉग स्क्वायर्ड की टीम मौके पर पहुंची और सर्च कर रही हैं। वहीं साइबर टीम मेल के बारे में जानकारी जुटा रही है। मेल किस आईपी एड्रेस से लिखा गया है, इस पर काम किया जा रहा हैं। स्कूल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सभी एजेंसियां जांच कर रही है।



