बीकानेर : बीकानेर के जयनारायण व्यास काॅलोनी में गुरुवार दोपहर एक युवक पर दो बोलेरो में सवार होकर आए बदमाशों ने दिन दहाड़े सरियों से पीट दिया। इतना पीटा कि वो घायल होकर सड़क पर गिर गया। बदमाश यहीं पर नहीं रुके, घायल की बोलेरो गाड़ी को अपन बोलेरो से जोर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। दिन दहाड़े हुई इस घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया हे।
जयनारायण व्यास कॉलोनी में सड़क पर ही बदमाशों का तांडव देखने को मिला। यहां बोलेरो गाड़ में सवार एक युवक को जबरन रोका गया। पीछे से आ रही दो बोलेरो गाड़ी में सवार बदमाश नीचे उतरे और मारपीट शुरू कर दी। युवक को सड़क पर पटककर उस पर दो-तीन बदमाशों ने एक साथ हमला कर दिया। सरियों से वार पर वार करते रहे। घायल अवस्था में युवक को वहीं छोड़कर अपनी अपनी बोलेरो में भाग गए। मौके से भागने से पहले घायल की गाड़ी को जोर से टक्कर मार दी।
घायल युवक को बाद में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। जय नारायण व्यास कॉलोनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर मिली गाड़ी को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है लेकिन हमलावरों की दोनों गाड़ियां अब तक पकड़ में नहीं आई है। ये पूरा घटनाक्रम सामने स्थित एक दुकान पर खड़े शख्स ने मोबाइल में कैद कर लिया। ये ही वीडियो अब वायरल हो रहा है।
अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घायल कौन है और उनका आपस में क्या झगड़ा है। प्रथम दृष्ट्या बताया जा रहा है कि मामला आपसी लेनदेन का है।



