Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeहरियाणाजम्मू-कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में कैथल के लांसनायक शहीद:9 साल पहले भर्ती...

जम्मू-कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में कैथल के लांसनायक शहीद:9 साल पहले भर्ती हुए

कैथल ; जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सोमवार को आतंकियों से हुई मुठभेड़ में कैथल के लांसनायक नरेंद्र सिंधु (28) शहीद हो गए। मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा के 2 आतंकी भी ढेर हो गए। शाम को सैनिक बोर्ड की तरफ से नरेंद्र के शहीद होने की सूचना पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन को दी गई है।

परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र 9 साल पहले फौज में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे। 4 साल पहले ही उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में हुई थी। वे अभी अविवाहित थे, परिवार वालों ने उनकी शादी की बात चला रखी थी। जल्द ही उनका जम्मू कश्मीर से ट्रांसफर होने वाला था, ऐसे में परिवार की तैयारी थी कि इसके बाद उनकी शादी कर दी जाएगी।

नरेंद्र अंतिम बार करीब साढ़े 3 महीने पहले अपने घर पर छुट्टी पर आए थे। करीब एक महीना घर रहने के बाद ढाई महीने पहले वे अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे। सोमवार को उनके शहीद होने की सूचना कैथल पहुंची। इसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, आज मंगलवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव रोहेड़ा लाई जाएगी, जहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।

पहले जानिए जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में क्या हुआ….

  • सेना चला रही गुड्‌डर ऑपरेशन : सेना ने कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकियों को मार गिराया है। सोमवार सुबह गुड्डर के जंगलों में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। सेना ने इसे ऑपरेशन गुड्‌डर नाम दिया है। इस दौरान घायल हुए दो जवान भी शहीद हो गए हैं, जिनमें सूबेदार प्रभात गौड़ और हरियाणा के कैथल के लांसनायक नरेंद्र सिंधु भी शामिल है।
  • लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था आतंकी : मारे गए आतंकवादियों में से एक स्थानीय था, जिसकी पहचान शोपियां के रहने वाले आमिर अहमद डार के रूप में हुई है। दूसरा आतंकी विदेशी आतंकी बताया जा रहा है, जिसका कोड नाम रहमान भाई है। आमिर लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और सितंबर 2023 से एक्टिव था। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से जारी 14 आतंकवादियों की लिस्ट में यह भी शामिल था।
  • तलाशी लेने गई टीम पर आतंकियों ने की गोलीबारी : पुलिस, सेना की 9RR और CRPF की एक जॉइंट टीम ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गुड्डर के जंगलों में सर्चिंग शुरू की थी। यहां छिपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आतंकी मारे गए और दो जवान शहीद हो गए।

अब शहीद नरेंद्र सिंधु के बारे में विस्तार से जानिए…

  • पिता किसान, मां गृहिणी, दो बहनें और एक भाई : नरेंद्र का जन्म 5 अक्टूबर 1996 को गांव रोहेड़ा में हुआ था। उन्होंनें अपनी 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई गांव के एक प्राइवेट स्कूल से की थी। पिता दलबीर सिंह किसान हैं और माता रोशनी देवी गृहिणी हैं। परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई है। बहनों की शादी हो चुकी है।
  • छोटा भाई अमेरिका में, होटल में करता है काम : पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत सिंह फौजी ने बताया कि नरेंद्र का छोटा भाई वीरेंद्र अमेरिका में रहता है। वह 2023 में अमेरिका में गया था, जहां अब वह एक होटल में सहायक की नौकरी करता है। नरेंद्र के शहीद होने की सूचना उसे दे दी गई है।
  • अविवाहित थे, चल रही थी शादी की बात : अभी तक नरेंद्र की शादी नहीं हुई थी। ताऊ के बेटे विक्रम ने बताया कि नरेंद्र की शादी के बारे में परिवार के लोगों की बातचीत चल रही थी। परिवार का कहना था कि जम्मू कश्मीर में नरेंद्र की ड्यूटी का समय पूरा होने वाला था। जब वहां से ट्रांसफर होकर वे आसपास के क्षेत्र में आ जाएंगे, तब उनकी शादी करवा देंगे।
  • अंतिम बार ताऊ के बेटे से हुई थी बात, पूछा था- सब ठीक है: ​​​​​​नरेंद्र सिंधु की ​अंतिम बार अपने ताऊ के लड़के से बातचीत हुई थी। विक्रम ने बताया कि नरेंद्र ने उससे पूछा था कि घर परिवार के सभी सदस्य ठीक-ठाक हैं या कोई दिक्कत परेशानी तो नहीं है। मैंने कह दिया था कि सब ठीक हैं, तुम वहां अपना ख्याल रखना।

चिनार कोर ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

सेना की कश्मीर आधारित चिनार कोर ने ट्वीट कर कहा, हम राष्ट्र के लिए सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर जवानों, सब प्रभात गौड़ और लांसनायक नरेंद्र सिंधु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. उनका साहस और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करेगा। उधर, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने मुठभेड़ स्थल का दौरा किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments