Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडाजनपद में अवैध रूप से भूजल दोहन न हो, इस पर विशेष...

जनपद में अवैध रूप से भूजल दोहन न हो, इस पर विशेष निगरानी रखे अधिकारीगण : डीएम

भूगर्भ जल प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा गंभीर

जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश

रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सक्रिय न करने वालों पर लगाए 5 लाख का जुर्माना

गौतमबुद्ध नगर : जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में भूगर्भ जल अधिकारी अंकिता राय ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि विभागीय पोर्टल पर कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके सापेक्ष जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति के द्वारा 33 आवेदनों को स्वीकृत किया जाना है, 05 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया तथा 06 आवेदन जो राज्य प्राधिकरणों को अग्रसारित किया गया है। शेष 20आवेदन में संबंधित प्राधिकरणों से आख्या प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी ने जनपद में भू-जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय टास्क फोर्स को निर्देशित किया कि जनपद में अभी तक भूगर्भ जल प्रयोजन के लिए जारी हो चुके अनापत्ति प्रमाण पत्र के सापेक्ष औद्योगिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, कमर्शियल तथा सामूहिक उपभोक्ताओं द्वारा भू-जल संरक्षण एवं पुनर्भरण के लिए रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का परिसर में निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार के लिए की जा रही गतिविधियों के संबंध में सभी से रिपोर्ट प्राप्त की जाए और यदि अनापत्ति प्रमाण प्राप्त करने के बावजूद उनके द्वारा वाटर रिचार्ज को लेकर यदि कोई गतिविधि नहीं की जा रही तो संबंधित का अनापत्ति प्रमाण पत्र निरस्त की जाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने भूगर्भ जल विभाग के अधिकारियों से कहा कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए रेजिडेंस सोसाइटी, अपार्टमेंट सरकारी भवनों, कार्यालय आदि में भी वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चरों की स्थिति की गहन समीक्षा की जाए एवं सभी से रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सक्रिय होने की रिपोर्ट प्राप्त की जाए और जिनके द्वारा रिपोर्ट नहीं दी जा रही उनके विरुद्ध 05 लाख रुपए का जुर्माना लगाने की कार्रवाई अमल में लाई जाए।

साथ ही निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों व हाईराइज सोसाइटियों में लगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सक्रिय रहने चाहिए।

जिलाधिकारी ने भूगर्भ विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनपद में कहीं पर भी अवैध रूप से भूजल का दोहन न हो सके इसके लिए अधिकारीगण विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम चलाते हुए भूजल को सुरक्षित रखने हेतु आम जनमानस को जागरूक करें।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला, प्राधिकरण, सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments