वर्षा जल संचय हेतु जनपद में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम रहे सक्रिय
जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
गौतमबुद्ध नगर / जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में भूगर्भ जल अधिकारी अंकिता राय ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि विभागीय पोर्टल पर कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके सापेक्ष जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति के द्वारा 04 आवेदनों को स्वीकृत किया जाना है, 05 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया तथा 31 आवेदन जो राज्य प्राधिकरणों को अग्रसारित किया गया है। शेष 13 आवेदन में संबंधित प्राधिकरणों से आख्या प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद में भू-जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय टास्क फोर्स को निर्देशित किया कि जनपद में अभी तक भूगर्भ जल प्रयोजन के लिए जारी हो चुके अनापत्ति प्रमाण पत्र के सापेक्ष औद्योगिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, कमर्शियल तथा सामूहिक उपभोक्ताओं द्वारा भू-जल संरक्षण एवं पुनर्भरण के लिए रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का परिसर में निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार के लिए की जा रही गतिविधियों के संबंध में सभी से रिपोर्ट प्राप्त की जाए और यदि अनापत्ति प्रमाण प्राप्त करने के बावजूद उनके द्वारा वाटर रिचार्ज को लेकर यदि कोई गतिविधि नहीं की जा रही तो संबंधित का अनापत्ति प्रमाण पत्र निरस्त की जाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए रेजिडेंस सोसाइटी, अपार्टमेंट सरकारी भवनों, कार्यालय आदि में भी वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चरों की स्थिति की गहन समीक्षा की जाए। साथ ही निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों व हाईराइज सोसाइटियों में लगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सक्रिय रहने चाहिए।
जिलाधिकारी ने भूगर्भ विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनपद में कहीं पर भी अवैध रूप से भूजल का दोहन न हो सके इसके लिए अधिकारीगण विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम चलाते हुए भूजल को सुरक्षित रखने हेतु आम जनमानस को जागरूक करें।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, प्राधिकरण, सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



