Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeहरियाणाघर के बाहर होटल संचालक-पार्टनर को कार ने कुचला:100 मीटर तक घसीटते...

घर के बाहर होटल संचालक-पार्टनर को कार ने कुचला:100 मीटर तक घसीटते ले गया

आसींद (भीलवाड़ा) भीलवाड़ा के बदनोर थाना क्षेत्र में घर के बाहर होटल संचालक और पार्टनर को स्विफ्ट कार ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। एक युवक की पत्नी ने पति की पहचान उसकी चप्पल से की। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार दोनों युवकों को 100 मीटर तक घसीटती ले गई और उसके बाद कई भारी वाहन उनके ऊपर से निकल गए। दोनों युवक होटल बंद कर आधा किलोमीटर दूर पैदल ही घर लौट थे। हादसा भीलवाड़ा-ब्यावर नेशनल हाईवे 158 पर परा (बदनोर) में शनिवार रात करीब 11.30 बजे हुआ।

होटल से निकले, घर पहुंचने से पहले मौत

ASI इंद्र सिंह ने बताया-राजसमंद-भीलवाड़ा हाईवे 148D पर होटल संचालित करने वाले कमलेश गुर्जर (25) पुत्र नारायणलाल गुर्जर, निवासी परा (बदनोर) और मदन अहीर (27) निवासी सकतपुरिया, तहसील हमीरगढ़ (भीलवाड़ा) शनिवार रात 11 बजे होटल से निकलकर पैदल अपने घर की ओर लौटे। दोनों का घर पास के ही भीलवाड़ा-ब्यावर नेशनल हाईवे 158 पर स्थित है, जो होटल से सिर्फ आधा किलोमीटर की दूरी पर है।

घर के बाहर ही खड़े थे, तभी आई मौत

करीब 11:30 बजे, दोनों युवक अपने घर के बाहर खड़े बातचीत कर रहे थे, तभी बदनोर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक कार के नीचे फंस गए और 100 मीटर तक घसीटते चले गए। उसके बाद भी हादसा यहीं नहीं रुका-हाईवे पर ट्रैफिक अधिक होने से कई भारी वाहन उनके ऊपर से गुजर गए। इससे दोनों के शव बुरी तरह कुचल गए और पहचान करना मुश्किल हो गया।

पत्नी ने चप्पल से की पति की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही बदनोर थाना पुलिस करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन शवों की हालत ऐसी थी कि पहचान पाना कठिन था। इसी दौरान कमलेश की पत्नी वहां पहुंची और चप्पल देखकर शव की पहचान की।

एक ही घर में रहते थे, साथ काम करते थे कमलेश और मदन एक ही मकान में रहते थे और होटल में साथ काम करते थे। हर दिन की तरह वे होटल बंद करने के बाद साथ ही घर लौटते थे। शनिवार को भी वही दिनचर्या थी, लेकिन किस्मत में मौत लिखी थी।

आरोपी कार चालक फरार

स्विफ्ट कार का ड्राइवर हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। बदनोर थाना पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस कार की पहचान और ड्राइवर की तलाश में जुटी है।

ASI इंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बदनोर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे।

शवों की हालत देखकर परिजन बेसुध, गांव में मातम

हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में कोहराम मच गया। कमलेश हाल ही में शादीशुदा था और परिवार की जिम्मेदारियां उठा रहा था। वहीं मदन अहीर मेहनत-मजदूरी कर जीवन चला रहा था। दोनों के शवों की हालत देखकर परिजन बेसुध हो गए। गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments