सीकर: सीकर की वन विभाग टीम ने सोशल मीडिया पर सांपों को गले में डालकर रील अपलोड करने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से वन विभाग की टीम पूछताछ कर रही है।
एरिया फॉरेस्ट ऑफिसर अमित देवंदा ने बताया- वन्यजीव क्राइम कंट्रोल दिल्ली से सूचना मिली थी कि सीकर इलाके में वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें युवक ने कोबरा सहित अन्य सांपों को गले में डालकर रील अपलोड की है। सूचना पर रानोली इलाके के रहने वाले सोनू मारवाड़ी (26) पुत्र राजूरा और गवारिया मोहल्ला के विनोद को गिरफ्तार किया गया।

सांपों को पकड़कर कई प्रोग्राम में परफॉर्म करते थे
दोनों आरोपी सांपों को पकड़कर कई कार्यक्रमों में परफॉर्म करते हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट ने 7 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा है। पूरी कार्रवाई को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अंजाम दिया गया है, जिसके तहत आरोपी को 3 से 7 साल तक की सजा हो सकती है। वन विभाग के मुताबिक- सोनू कार्यक्रमों में परफॉर्म करता था, जबकि विनोद जंगली इलाके से सांप पकड़कर लाकर देता था।



