पटना : बिहार के कई जिलों का मौसम अचानक बदल गया है। किशनगंज, सुपौल में तेज बारिश शुरू हो गई है। बेतिया, रक्सौल में झमाझम बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 20 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30-40Km/h की रफ्तार से हवा भी चलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में 9 सितंबर से एक बार फिर मानसून के एक्टिव होने की संभावना है। 8 सितंबर से अगले 7 दिन प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पटना मौसम विभाग की माने तो, 8 से 10 सितंबर तक मानसून के मजबूत रहने की स्थिति बन रही है। इस दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है।
वहीं, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सिर्फ दो जिले किशनगंज और अररिया में तेज बारिश हुई है। देर रात पटना के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई।
नवादा के अकौना पंचायत के हजारा खाप गांव में बिजली गिरने से 68 साल महिला की मौत हो गई। मृतक की पहचान जवाहर प्रसाद की पत्नी मुनकी देवी के रूप में हुई है।
भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान अजमेरीपुर गांव के राजा (12) और रबल कुमार(13) के तौर पर हुई है।
9 सितंबर से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग की माने तो 9 सितंबर को पूरे राज्य में आंधी-बिजली का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन कैमूर, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण जिले और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है।
जबकि 10 सितंबर से दक्षिण बिहार में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। इसके साथ ही 11, 12 और 13 सितंबर को भी पटना समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।



