लखनऊ: शुभांशु शुक्ला एक्सियम मिशन-4 के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन यानी ISS पर रवाना हो गए। उनके साथ तीन अन्य एस्ट्रोनॉट भी स्पेस स्टेशन जा रहे हैं। लखनऊ में शुभांशु के स्कूल से माता-पिता ने बेटे को लाइव स्पेस स्टेशन में जाते हुए देखा।

शुभांशु के अंतरिक्ष रवाना होते ही उनके माता-पिता लखनऊ में खुशी से झूम उठे।
जैसे ही बेटा स्पेस के लिए रवाना हुआ माता-पिता ताली बजाने लगे। खुशी के मारे शुभांशु की मां की आंखों से आंसू छलक पड़े। हाथ जोड़कर उन्होंने बेटे की सलामती की दुआ की। मिशन की सफल लॉन्चिंग के बाद शुभांशु के माता-पिता, स्कूल के टीचर्स और स्टूडेंट्स ने भांगड़ा किया। अंतरिक्ष में रवाना होते समय शुभांशु ने कहा- जय हिंद, जय भारत।
शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने बताया- जिस पल का इंतजार लंबे अरसे से था, वह आज पूरा हुआ। मेरी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। हालांकि, डर तो लग ही रहा है। शुभांशु ने सीएमएस अलीगंज से पढ़ाई की थी। स्कूल में मिशन लॉन्चिंग का लाइव प्रसारण देखने के लिए बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई।



