डीएम ने की समीक्षा बैठक: हिंडन-यमुना किनारे होगा वृहद वृक्षारोपण
जनसहभागिता से सजेगा हरित गौतम बुद्ध नगर, वन महोत्सव की जोरदार तैयारी
जन्म पर पौधा, मां के नाम वृक्ष: पर्यावरण संरक्षण को नया आयाम
गौतमबुद्ध नगर : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में शासन की मंशा के अनुरूप जनपद गौतम बुद्ध नगर में युद्ध स्तर पर वृक्षारोपण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक जूम ऐप के माध्यम से संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को वन महोत्सव के रूप में जनसहभागिता के साथ भव्य रूप से मनाया जाए। उन्होंने कहा कि हिंडन व यमुना नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में वृक्षारोपण को प्राथमिकता दी जाए और इसके लिए माइक्रो प्लान तैयार कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सीएसआर, संघ के पदाधिकारी, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों एवं आमजन के सहयोग से अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि वृक्षारोपण की समस्त गतिविधियों की फोटो संबंधित पोर्टल पर अपलोड की जाए ताकि जनपद को राज्य में अग्रणी स्थान प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि 01 जुलाई से 07 जुलाई 2025 तक जनपद के जिला अस्पताल एवं सभी सीएचसी, पीएचसी केंद्रों पर जन्मे शिशुओं के परिजनों को जन्म प्रमाणपत्र के साथ एक पौधा भी भेंट किया जाएगा, जिससे लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े और वृक्षारोपण की आदत को जीवन से जोड़ा जा सके।
प्रभागीय वन अधिकारी पी के श्रीवास्तव ने बैठक में बताया कि हिंडन और यमुना नदी के किनारे ग्राम सभा की भूमि पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण हेतु चिन्हांकन का कार्य पहले ही तहसील स्तर पर आरंभ करने के निर्देश दिए गए थे, किंतु अब तक अपेक्षित सूचनाएं प्राप्त नहीं हुई हैं। साथ ही गड्ढा खुदान के लक्ष्य के अनुरूप विभागीय सूचनाएं भी लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित तहसीलों को निर्देशित किया कि ग्राम सभा की उपलब्ध भूमि का तत्काल चिन्हांकन कर उसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, जिससे वृक्षारोपण कार्य में कोई व्यवधान न आए और जनपद पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को पूरी गंभीरता और समर्पण से जनपद में 01 जुलाई से 07 जुलाई तक वन महोत्सव के रूप में मनाया जाए, जिसमें समस्त विभागीय अधिकारी स्वयं वृक्षारोपण करें और आमजन को भी प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के जिला अस्पताल एवं सभी सीएचसी, पीएचसी केंद्रों पर नवजात शिशुओं के परिजनों को पौधा भेंट करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। आज तहसील जेवर एवं दादरी में इस कार्यक्रम के अंतर्गत जन्म प्रमाणपत्र के साथ पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी सदर चारुल यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



