Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडा"एक पेड़ मां के नाम" अभियान को सफल बनाने के लिए सभी...

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों एवं प्रत्येक जनपद वासियों का हो महत्वपूर्ण योगदान

जिलाधिकारी का जन सामान्य से आह्वान 09 जुलाई 2025 को हो युद्ध स्तर पर जनपद में वृक्षारोपण अभियान

गौतम बुद्ध नगर : जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज जूम ऐप के माध्यम से एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनपद में 09 जुलाई 2025 को प्रस्तावित युद्धस्तरीय वृक्षारोपण अभियान की व्यापक तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, पर्यावरण समिति के सदस्य, फोनर्वा के पदाधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संगठन, पर्यावरण सहयोगी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि सहित विभिन्न प्राधिकरणों के अधिकारी शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने बैठक में सभी संबंधित विभागों एवं संगठनों से आह्वान करते हुए कहा कि जनपद में वृक्षारोपण एक पर्व के रूप में मनाया जाए। इस अवसर पर अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए ताकि हमारा जनपद पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में एक प्रेरक उदाहरण बन सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक वृक्षारोपण को “एक पेड़ मां के नाम” पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड किया जाए। पोर्टल पर संबंधित जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए ताकि डेटा पारदर्शी हो और ट्रैकिंग में सुविधा हो। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, हाउसिंग सोसाइटियों, स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं यूथ संगठनों से अनुरोध किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रत्येक संगठन अपने स्तर पर वृक्षारोपण लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसका पालन करे।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि यह भावी पीढ़ी को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण सौंपने की दिशा में एक सशक्त पहल है। इस अभियान में जनसहभागिता ही इसकी सफलता की कुंजी है। उन्होंने यह भी कहा कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी उसकी रोपाई।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि अभियान की निगरानी के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से समस्त विभागों व संस्थाओं के वृक्षारोपण की मॉनिटरिंग की जाएगी। समय-समय पर अद्यतन रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रेषित की जाएगी। आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, प्रभागीय वन अधिकारी पी. के. श्रीवास्तव, पर्यावरण समिति टीम, फोनर्वा के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments