जयपुर: श्चिमी विक्षोभ से लगातार दूसरे दिन भी हुई बारिश से राजस्थान के कई जिलाें में मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम केंद्र ने आज भी आज 29 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया है।
जयपुर, सीकर, सवाई माधोपुर, टोंक जिलों में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जयपुर के दूदू में बीते 24 घंटे में 3 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है।
दो दिन से हो रही बरसात के कारण जयपुर के अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट हुई है। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री हुआ।
वहीं, श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में ओले गिरे तो अनूपगढ़ में तेज आंधी से करीब 20 कच्चे मकान ढह गए। हादसे में 19 लोग घायल हो गए।
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में बारिश
- पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा संभाग के अलावा उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में बारिश हुई।
- सबसे ज्यादा बरसात जयपुर के दूदू एरिया में 86MM (3 इंच से ज्यादा) बरसात दर्ज हुई। जयपुर के ही सांभर, नरैना के एरिया में भी 1 से 2 इंच बारिश हुई।
- इधर नागौर के परबतसर एरिया में 77MM और चूरू के राजलदेसर में 35 और सवाई माधोपुर के बौंली में 28MM बारिश दर्ज हुई।
- टोंक में बारिश से गर्मी से मिली राहत
- टोंक जिला मुख्यालय और उसके आसपास, पीपलू तहसील मुख्यालय और उसके आसपास आज सुबह करीब 8.15 बजे से 8.30 बजे बारिश हुई।
- सीकर में ठंडक का अहसास, तापमान 3.5 डिग्री गिरा
- सीकर में सुबह करीब 4:15 बजे बाद से रुक रुक कर बारिश का दौर जारी है।
- लगातार बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में करीब 3.5 डिग्री की गिरावट हुई है।
- मंगलवार का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया।
- अनूपगढ़ में आंधी में 20 घर गिरे, 19 लोग घायल
- अनूपगढ़ क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम आंधी से गांव 67 जीबी और 72 जीबी में ईंट भट्टों पर बनी करीब 20 झुग्गियां ढह गईं।
- इस हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। गांव 67 जीबी में 12 झुग्गियों के गिरने से 34 लोग बेघर हो गए।
- यहां 7 बच्चे, 2 महिलाएं और 2 पुरुष घायल हुए। गांव 72 जीबी में 8 झुग्गियां गिरीं, जिससे 7 लोग घायल हुए।
- इसके अलावा, एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
- जैसलमेर में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड
- इधर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में आसमान साफ रहा और धूप निकली, जिसके कारण यहां गर्मी रही।
- सबसे ज्यादा तापमान जैसलमेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 39.3 और फलौदी में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- 14 शहरों में तापमान में गिरावट
- 14 शहरों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
- सीकर, झुंझुनूं में तो मंगलवार को तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंचा।
- सुबह-शाम हवाएं चलने से लोगों को हल्की सर्दी महसूस होने लगी।
- मौसम विभाग ने राज्य में आज भी 29 जिलों में आंधी-बारिश और बादल छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।
- जबकि राज्य में 7 जून तक हीटवेव से राहत रहने की उम्मीद जताई है।



