अंबाला: हरियाणा के अंबाला में आज सुबह करीब 9 बजे विशाल मेगा मार्ट में आग लग गई। आग ने थोड़ी ही देर में पूरे मॉल को चपेट में ले लिया। इसकी जानकारी लोगों को तब हुई, जब मॉल के आगे लगे शीशे आग की गर्मी से चटककर गिरने लगे और धुआं बाहर आने लगा।
इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। पहले फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। हालांकि, आग ज्यादा फैल जाने से इस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
फायर अधिकारी तरसेम राणा के अनुसार, आग कपड़ों में फैल गई, जिससे इस पर काबू पाने में मुश्किल आई। शीशे भी टूट कर गिर रहे हैं, इसलिए फायर कर्मियों और लोगों को पीछे हटने के लिए बोला गया है। अब तक किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, दमकलकर्मी परमजीत का दम घुट गया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि मौके पर अब तक 8 गाड़ियां बुलाई जा चुकी हैं, लेकिन ऊपर के दोनों फ्लोर पर आग अब भी सुलग रही है। प्लास्टिक के बैग और कपड़ों में आग लगी हुई है। आसपास मौजूद 3 बैंक आग काबू में आने तक एहतियातन बंद करवाए गए हैं। धुआं भरने से एक बैंक का भी फायर अलार्म बज गया।
8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
तकरीबन 3 घंटे से फायर ब्रिगेड की टीमें इस आग पर काबू पाने के लिए लगी हुई हैं। फायर कर्मियों का कहना है कि अभी भी आग मॉल के विभिन्न कोनों में सुलग रही है। सतही तौर पर आग पर काबू पाया गया है।
मौके पर 3 गाड़ियां आग बुझाने पहुंची थीं, लेकिन वह काफी नहीं हुईं। उसके बाद 5 गाड़ियां और आईं। वह भी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है। बिल्डिंग के कुछ हिस्सों में अब भी आग सुलग रही है।
कपड़ों ने पकड़ी तेजी से आग
फायर अधिकारी का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी होगी। इसके बाद आग ने कपड़ों को अपनी चपेट में लिया। कपड़ों के चपेट में आने से आग तेजी से फैल गई। इसके बाद आसपास के लोगों और स्टाफ ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सुरक्षित कपड़ों को बाहर निकाला
वहीं, आग लगते ही नीचे के फ्लोर से पहले कपड़ों को बाहर निकाला गया, ताकि आग को ज्यादा न फैलने दिया जाए। कुछ कपड़े सुरक्षित जरूर निकले गए। हालांकि, आग ने ऊपर के 2 फ्लोर पर रखा सामान जलाकर राख कर दिया है।
शीशे टूट-टूट कर गिरे
मॉल के फ्रंट में लगे शीशे लगातार आग की गर्मी से टूट-टूट कर गिर रहे थे। शीशों के टूटने की वजह से लोगों को मॉल से पीछे की ओर किया गया। मॉल में अंदर की तरफ आग काफी तेज थी। उसे बुझाने में दमकल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
नारायणगढ़ से बुलाई हैं और गाड़ियां
बलदेव नगर थाने के SHO रमेश कुमार ने बताया कि आग की सूचना लगते ही सिटी, कैंट और नारायणगढ़ से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। आग काफी तेज थी। हालांकि, कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
SHO ने कहा कि आग ऊपर के 2 फ्लोर पर तेजी से फैली हुई थी। दोनों फ्लोर पर रखा सामान पूरी तरह खाक हो गया। हालांकि, ग्राउंड फ्लोर पर आग नहीं पहुंची। वहां से कुछ सामान भी निकाल लिया गया है।
अलर्ट पर रखे थे सभी फायर स्टेशन
आग की सूचना के बाद ही फायर ब्रिगेड टीम ने अन्य स्टेशनों की टीमों को अलर्ट पर रखा था। जैसे ही अधिक गाड़ियों की आवश्यकता पड़ी तो और गाड़ियां अन्य स्टेशनों से भी आईं। कुल 8 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।



