उत्तर प्रदेश : लखनऊ, बलिया समेत यूपी के पांच शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। सीतापुर में घाघरा नदी उफान पर है। बुधवार सुबह शुकुलपुरवा ग्राम पंचायत का प्राइमरी स्कूल 7 सेकेंड में नदी में समा गया। इस स्कूल में 146 बच्चे पढ़ाई करते थे।
इधर, फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 100 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इसी बीच गंधिया गांव में महिला को प्रसव पीड़ा हुई। परिवार ने एम्बुलेंस बुलाई, लेकिन बाढ़ का पानी रास्तों में भर जाने से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाई। ऐसे में परिजनों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में चारपाई बिछाई, फिर उसमें महिला को लिटाकर कायमगंज CHC ले गए। वहां महिला ने बच्ची को जन्म दिया।
हरियाणा के हथिनी कुंड और दिल्ली के ओखला बैराज से यमुना में पानी छोड़ा गया है, जिसके बाद मथुरा में बाढ़ आ गई। मथुरा में यमुना का पानी मानसरोवर स्थित राधारानी मंदिर तक पहुंच गया है। मंदिर के रास्ते डूब गए हैं। डीएम ने यमुना नदी में स्नान पर रोक लगा दी है। राहत-बचाव के लिए 49 बाढ़ चौकी बनाई गई है
मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में 1.2 मिमी बारिश हुई। ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 9.2 मिमी से 87% कम है। अब तक की बात करें तो प्रदेश में कुल 521.2 मिमी बारिश हुई, जो औसत अनुमान 513.7 मिमी से 1% कम है।



