डूंगरपु : डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन स्वच्छता के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने दवाइयों की आड़ में 15 लाख रुपए की शराब गुजरात तस्करी करते हुए एक ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं शराब तस्करी कर रहे ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। शराब को गुजरात तस्करी कर ले जा रहे थे।
बिछीवाड़ा थाना अधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि ऑपरेशन स्वच्छता के तहत अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत राजस्थान-गुजरात के रतनपुर पुलिस चौकी के सामने नाकेबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक को रुकवाया। ड्राइवर ने अपना नाम जावेद पुत्र हनीफ निवासी हरियाणा बताया। ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की तो वह ट्रक में भरे सामान के बारे में सही जानकारी नहीं दे सका। इस पर पुलिस ने ट्रक को खुलवाकर तलाशी ली। ट्रक में मेडिसिन की आड़ में अवैध शराब की पत्तियां भरी हुई मिली, जिसे तस्करी कर गुजरात ले जा रहे थे।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और चौकी पर शराब की पेटियां उतरवाई गई। ट्रक से 199 कार्टन शराब बरामद की है। जिसकी बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर जावेद मेव को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।



