उत्तर प्रदेश ; यूपी में बारिश-बाढ़ का दौर जारी है। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा के वृंदावन में हालात बिगड़ गए हैं। यमुना का पानी शहर में घुस गया है। शनिवार को एक आश्रम में गर्दन तक पानी भर गया। पुलिस ने भक्तों को रेस्क्यू किया।
यहां यमुना खतरे के निशान से सवा मीटर ऊपर बह रही है। पानी अब रिहायशी इलाकों, सड़कों और परिक्रमा मार्ग तक पहुंच गया है। वृंदावन का परिक्रमा मार्ग पूरी तरह से डूब चुका है। श्रद्धालु जहां-तहां फंसे हैं। वृंदावन के करीब 50% इलाका बाढ़ प्रभावित है। कुछ जगहों पर 2-3 फीट तक पानी भरा है। 26 गांवों के साथ करीब 7 हजार की आबादी बाढ़ प्रभावित है।
शाहजहांपुर में गर्रा नदी की बाढ़ का पानी राजकीय मेडिकल कॉलेज के कैंपस तक भर गया है। मजबूरन मेडिकल कॉलेज को बंद कर मरीजों को CHC शिफ्ट किया गया। मेडिकल उपकरण और गद्दे बेड पर समेटकर रखे हैं। यहां दिल्ली-लखनऊ हाईवे का कुछ हिस्सा पानी में डूब गया।
मौसम विभाग ने रविवार को यूपी के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3-4 दिनों तक पूरे प्रदेश में तेज बारिश की संभावना नहीं है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक-
अगस्त में सामान्य बारिश हुई थी। अब मानसून अपने आखिरी चरण में है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम हो गई है, इस वजह से किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।



