Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई:हवाला के 35 लाख रुपये...

वाराणसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई:हवाला के 35 लाख रुपये बरामद, एक गिरफ्तार

वाराणसी: सावन माह को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में वाराणसी जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी पुलिस ने शनिवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन पर ओल्ड फुट ओवर ब्रिज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के ट्रॉली बैग से 35 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम हवाला की होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

बैग में रखा था पैसा

इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए जीआरपी के क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि यह अभियान वाराणसी जीआरपी के इंस्पेक्टर राजोल नागर के नेतृत्व में चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त नजर आया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

गिरफ्तार व्यक्ति सासाराम (बिहार) जाने की फिराक में था, लेकिन इतनी बड़ी रकम के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज या स्रोत स्पष्ट नहीं कर सका। जांच के दौरान उसके पास एक रुपये के तीन नोट भी मिले, जो हवाला कारोबार में उपयोग होने वाली एक आम पहचान प्रणाली के तहत देखा जा रहा है।

इनकम टैक्स की टीम जांच करने पहुंची

कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हवाला का प्रतीत हो रहा है। इस व्यक्ति के पास इतनी बड़ी रकम का कोई वैध प्रमाण नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी गई है। फिलहाल जीआरपी और आयकर विभाग की संयुक्त टीम इस मामले की गहन जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि गिरफ्तार व्यक्ति किसी बड़े हवाला नेटवर्क से जुड़ा तो नहीं है। सावन माह के दौरान भीड़भाड़ और सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments