589 में से 145 रिव्यू में फेल हुए, भड़के कमिश्नर ने लगाई क्लास
वाराणसी। यूपी में कमिश्नरेट लागू होने के बाद पहली बार वाराणसी में पुलिसिंग का रिव्यू किया गया। इसमें कई सब इंस्पेक्टर की पोल खुल गई। रिव्यू में 589 दरोगा शामिल हुए। इनमें 145 ऐसे निकले, जो 75 में 25 नंबर भी नहीं ला सके।
रिव्यू में सामने आया कि 50 से ज्यादा दरोगा एफआईआर तक नहीं लिख पाते। 6 दरोगा ‘स्टार परफॉर्मरÓ बने, इन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, फेल होने वालों को विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा- रिव्यू से ही सबकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने किया रिव्यू
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में शुक्रवार की देर शाम मंथली रिव्यू किया। उन्होंने बताया- कमिश्नरेट में तैनात सब इंस्पेक्टर के मासिक कार्य के आधार पर उनकी परफार्मेंस रिपोर्ट तैयार की गई है।
75 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले सब इंस्पेक्टर में मंडुवाडीह थाने के राजदर्पण तिवारी व अमरजीत कुमार, रोहनिया थाने के विकास कुमार मौर्य, चेतगंज थाने की मीनू सिंह, कोतवाली थाने की निहारिका साहू और रामनगर थाने की अंशू पांडेय शामिल हैं।
एक महीने के लिए पुलिस लाइन किया अटैच
589 सब इंस्पेक्टर में 145 न्यूनतम अंक 33 प्रतिशत भी नहीं पा सके। इन सभी को एक माह के लिए पुलिस लाइन में अटैच कर प्रशिक्षण कराया जाएगा। 100 दरोगा ऐसे निकले, जिन्हें पब्लिक डीलिंग नहीं आती है। वहीं, 444 ने संतोषजनक अंक पाए। कार्यशैली में सुधार के प्रशिक्षण के साथ परेड और फुट पेट्रोलिंग भी कराई जाएगी।
इसके अलावा रिव्यू के आधार पर फेल दरोगा के परफॉर्मेंस में सुधार के लिए प्रत्येक दिन 10-10 दरोगा की पुलिस कमिश्नर खुद काउंसलिंग करेंगे। कामकाज के ढर्रे में सुधार न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



