जयपुर | बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन मंगलवार को फिल्म प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे उन्होंने सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी, जगतपुरा में छात्रों से मुलाकात की। यहां उन्होंने न सिर्फ दिल खोलकर बातचीत की बल्कि एक जरूरी सामाजिक संदेश भी दिया, जो युवाओं के लिए बेहद अहम है।
“जो भी करें, कंसेंट से करें” — वरुण का यूथ को सशक्त संदेश
छात्रों से बात करते हुए वरुण ने कहा,
“आप लोग मुझे वरुण भैया बुला रहे हो, तो मैं भी आपसे एक बात भैया की तरह कहना चाहता हूं — जब भी आप किसी से दोस्ती या रिलेशनशिप में जाएं, तो यह ज़रूरी है कि जो भी हो, पूरे कंसेंट (सहमति) के साथ हो। इसमें कोई ज़बरदस्ती, कोई दबाव नहीं होना चाहिए। कंसेंट का ध्यान रखना हर इंसान की जिम्मेदारी है।”
उनकी यह बात सुनते ही सभागार तालियों से गूंज उठा। छात्रों ने वरुण की सोच की सराहना की।
“जो भी करें, कंसेंट से करें” — वरुण का यूथ को सशक्त संदेश
.कॉलेज स्टूडेंट्स के साथ वरुण का धमाकेदार डांस सेशन
संवाद के बाद वरुण धवन ने छात्रों के साथ जमकर मस्ती की। उन्होंने मंच से मज़ाकिया अंदाज़ में पूछा,
“यहां कितने लड़के संस्कारी हैं और कितनी लड़कियां कुंवारी हैं?”
छात्रों ने जोरदार हूटिंग और तालियों के साथ जवाब दिया। इसके बाद वरुण ने स्टेज पर स्टूडेंट्स के साथ डांस किया और यूनिवर्सिटी का माहौल उत्साह और जोश से भर गया।
‘खम्मा घणी’ से किया सबका स्वागत, जयपुर को बताया खास
स्टेज पर आते ही वरुण ने पारंपरिक अंदाज में “खम्मा घणी” कहकर सबका अभिवादन किया। उन्होंने जयपुर से अपने पुराने नाते को याद करते हुए कहा,
“राजस्थान और जयपुर से मेरा एक खास रिश्ता रहा है। मेरी फिल्मों से लेकर मेरी पर्सनल लाइफ तक, इस शहर की मिट्टी से मुझे अपनापन महसूस होता है। यहां से प्रमोशन की शुरुआत करना मेरे लिए बहुत खास है।”
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ — जयपुर से प्रमोशन की शुरुआत
वरुण धवन जयपुर अपनी आगामी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। इस फिल्म का ट्रेलर हाल ही में मुंबई में लॉन्च किया गया था, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।
इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म में वरुण के साथ जाह्नवी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है और इसका निर्माण धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले हुआ है। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।



