नकाब बांध कर शादी में आया, लड़कियों के बीच घुसकर फायरिंग; पिता बोले- एकतरफा प्यार था
बक्सर। बक्सर में वरमाला के दौरान स्टेज पर दुल्हन को गोली मारी गई। उसके आशिक ने सरेआम स्टेज पर खड़ी दुल्हन के पेट में गोली मारी और वहां से भाग निकला।
शादी में फायरिंग के बाद अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दुल्हन को सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत देखते हुए बनारस रेफर कर दिया गया है।
डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि परिवार ने कहा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। जख्मी दुल्हन ने आरोपी प्रेमी का नाम लेकर कहा, ‘दीनबुंध ने मुझे गोली मार दी।’
घटना मुफस्सिल थाना इलाके के नगर चौसा पंचायत के मल्लाह टोला की है। परिवार का कहना है कि युवक उनकी बेटी से एकतरफा प्यार करता है। बेटी की शादी यूपी के बलिया में तय की थी।
अब सिलसिलेवार ढंग से पढि़ए पूरी वारदात
मंगलवार की रात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात बक्सर के चौसा आई थी। रात में जयमाला की रस्म चल रही थी, दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे।
इसी दौरान एक शख्स मुंह ढंके स्टेज तक पहुंचा और नंद जी मल्लाह की बेटी और दुल्हन बनी आरती कुमारी (18) को गोली मार दी। तेज गानों के आवाज में गोली की आवाज दब कर रही गई। लेकिन आरती अचानक स्टेज पर गिर पड़ी।
दीनबंधु ने गोली मारी: दुल्हन
स्टेज पर खड़ी लड़कियां जोर-जोर से चिल्लाने लगती हैं कि आरती को किसी ने गोली मार दी। जब लोगों ने देखा तो उसके पेट से खून बह रहा था। शादी समारोह में दुल्हन को गोली मारने की खबर तेजी से इलाके में फैल गए।
लोग दुल्हन को सदर अस्पताल ले गए। रास्ते में आरती कुमार पेट में लगी गोली दिखाती रही और ये कहती रही कि दीनबंधु मुझे गोली मारी है। वाराणसी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लडक़ी के पिता बोले- एकतरफा प्यार था
स्थानीय लोगों के अनुसार, दीनबंधू दुल्हन का पड़ोसी है और यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। दोनों का घर अगल-बगल है।
लडक़ी के घर वालों का कहना है कि दीनबंधू आरती से एकतरफा प्यार करता था। हमारी लडक़ी से इसको प्यार था, मेरी बेटी को नहीं था, इसलिए दोनों की शादी करवाने की बात कभी सामने ही नहीं आई।



