लखनऊ : लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई। यह विमान जेद्दा जा रहा था। विमान में 286 यात्री सवार थे। फ्लाइट नंबर SV-893 को रात 2:25 बजे उड़ान भरनी थी। विमान टैक्सीवे पर था। पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। उन्होंने तुरंत एटीसी और एयरलाइंस अधिकारियों को सूचित किया।
एयरलाइंस ने तुरंत इंजीनियरों की टीम को बुलाया। टीम ने ढाई घंटे में खराबी ठीक की। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे। खराबी दूर होने के बाद विमान मंगलवार सुबह 4:45 बजे जेद्दा के लिए रवाना हुआ। यह फ्लाइट सामान्य दिनों में लखनऊ से रात 2:25 बजे रवाना होकर सुबह 6:00 बजे जेद्दा पहुंचती है।
लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट 2 घंटे लेट हुई
तकनीकी कारणों के चलते सोमवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर कई उड़ानें निर्धारित समय से देर से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सबसे ज्यादा नाराजगी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट के यात्रियों में देखी गई, जो तय समय से पूरे दो घंटे बाद उड़ान भर पाई। देरी से यात्री परेशान रहे।
आधा दर्जन से ज्यादा उड़ानें लेट
एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दिल्ली और अहमदाबाद समेत करीब आधा दर्जन उड़ानें सोमवार को लेट रहीं। लखनऊ-अहमदाबाद के बीच चलने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-6968 भी देर हुई। वहीं, दिल्ली से लखनऊ आने वाली 6E-2319 एक घंटा 24 मिनट की देरी से पहुंची। इसके अलावा मस्कट की फ्लाइट WY-266 और दम्माम की 6E-97 भी समय से पीछे रहीं।
एअर इंडिया के विमान में खराबी आई थी
लखनऊ एयरपोर्ट पर 1 अगस्त को तकनीकी खराबी आने से हैदराबाद जा रही फ्लाइट को अचानक कैंसिल कर दिया गया था। फ्लाइट के रनवे पर जाकर टेकऑफ करने से ठीक पहले ही पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। जिस कारण फ्लाइट को वहीं रोक दिया गया। शुरुआती जांच में तकनीकी खामी की पुष्टि होने के बाद फ्लाइट को कैंसिल करने का फैसला किया गया।
दून जा रहे इंडिगो के विमान में खराबी आई
लखनऊ से 9 अगस्त की सुबह देहरादून जा रही इंडिगो की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। उसे टेकऑफ से पहले रोक दिया गया। इंडिगो की फ्लाइट 6E-515 लखनऊ से सुबह 8:55 बजे रवाना होकर 10:15 बजे देहरादून पहुंचनी थी।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और उसमें क्रू मेंबर सहित 158 यात्री सवार थे। जब विमान उड़ान भरने के लिए टैक्सी वे से रनवे पर जा रहा था, तभी पायलट को विमान में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका हुई।



