टेकऑफ से ठीक पहले इंडिगो फ्लाइट इमरजेंसी ब्रेक से रुकी, डिंपल यादव समेत 151 यात्रियों की जान बची
लखनऊ – लखनऊ एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा बाल-बाल टल गया। इंडिगो की फ्लाइट 6E-2111, जो लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी, टेकऑफ के आखिरी पलों में पायलट द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाए जाने के कारण रुक गई।
इस विमान में 151 यात्री सवार थे, जिनमें समाजवादी पार्टी की सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी शामिल थीं।
टेकऑफ से पहले इंजन ने खोया थ्रस्ट, विमान रोकना पड़ा
शनिवार सुबह 11:10 बजे, जब विमान रनवे पर पूरी रफ्तार पकड़ चुका था, यात्रियों ने एक अजीब आवाज़ और हल्का कंपन महसूस किया। तभी अचानक फ्लाइट रुक गई।
सूत्रों के अनुसार, टेकऑफ के लिए इंजन को जो थ्रस्ट (दबाव) मिलना चाहिए था, वह नहीं मिला। इस तकनीकी खराबी को भांपते हुए पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए ‘अबॉर्टेड टेकऑफ’ (Aborted Takeoff) की घोषणा की और विमान को रोक दिया।
पायलट की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना
पायलट ने ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) को स्थिति की जानकारी दी और विमान को टैक्सी-वे के रास्ते वापस बे संख्या-07 पर खड़ा किया गया।
सभी यात्रियों को सावधानीपूर्वक विमान से उतारा गया और बाद में दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया गया।
.यात्रियों में घबराहट, लेकिन सभी सुरक्षित
घटना के समय विमान में मौजूद एक यात्री ने बताया,
“हमने सोचा अब कुछ बड़ा हो जाएगा। लेकिन पायलट ने समय रहते विमान रोक लिया। सच में भगवान ने बचा लिया।”घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया।
.इंडिगो और DGCA की प्रतिक्रिया
एयरलाइन इंडिगो ने बयान जारी करते हुए कहा:
“विमान को तकनीकी कारणों के चलते टेकऑफ से पहले रोकना पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है।”
वहीं, DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।
क्या होता है Aborted Takeoff?
जब कोई विमान टेकऑफ के लिए रनवे पर तेज़ी से दौड़ रहा होता है, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी या किसी खतरे के संकेत पर पायलट उड़ान को रद्द कर देता है, तो उसे Aborted Takeoff कहा जाता है।
इस स्थिति में पायलट तुरंत इमरजेंसी ब्रेकिंग करता है ताकि विमान रुक सके और यात्रियों को सुरक्षित रखा जा सके।
जांच जारी, उड़ान अस्थायी रूप से स्थगित
- विमान को फिलहाल संचालन से हटा दिया गया है।
- DGCA द्वारा इंजन और थ्रस्ट सिस्टम की तकनीकी जांच की जा रही है।
- रिपोर्ट आने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की मंजूरी दी जाएगी।



