जयपुर : जयपुर के बिड़ला सभागार में आज, शुक्रवार को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हो रहा है। इस समारोह में कुल 75 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 66 शिक्षक तीन श्रेणियों से हैं। 9 शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए विशेष रूप से शामिल किया गया है। सम्मानित शिक्षकों को शॉल, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद है। उच्च शिक्षा मंत्री और उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे है और शिक्षा सचिव कृष्ण कुणाल सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहें।
कार्यक्रम में शिक्षा सचिव बोले- ऑन डिमांड एग्जाम लॉन्च किया जाएगा। 16 सितंबर से आवेदन शुरू होंगे।
बता दें कि जयपुर जिले से प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) में किसी भी शिक्षक का चयन नहीं हुआ है। कक्षा 6 से 8 की श्रेणी में जयपुर से राजेश शर्मा और वंदना शर्मा का चयन हुआ है। कक्षा 9 से 12 की श्रेणी में सुनील कुमार उपाध्याय को चुना गया है। समारोह से एक दिन पूर्व गुरुवार की शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश भर से आए शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष श्रेणी में शूरवीर सिंह, देवकरण, रचना राठौड़, प्रवीन कुमार जैन, रामविलास, कोशल किशोर, सरदार सिंह, धवनी आमेटा और सुमन स्वामी को सम्मानित किया जाएगा।



