शैक्षणिक पहलों को बढ़ावा देने हेतु जिला प्रशासन एवं एचसीएल फाउंडेशन के मध्य एम.ओ.यू. हुआ साइन
डीएम ने मोबाइल STEM व डिजिटल लैब्स का किया शुभारंभ, नवाचार और डिजिटल साक्षरता को मिलेगा बढ़ावा
साइन हुए एम.ओ.यू. के तहत जिले के 72 सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक पहलों को किया जाएगा सशक्त
गौतमबुद्ध नगर: जनपद गौतम बुद्ध नगर के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक पहलों तथा नवाचार और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन एवं एच.सी.एल. फाऊंडेशन के बीच कलेक्ट्रेट सभागार में एमओयू साइन किया गया, जिसके अंतर्गत जनपद गौतम बुध नगर के 72 सरकारी विद्यालयों हैं, जिनमें माध्यमिक शिक्षा के 18 और बेसिक शिक्षा के 54 विद्यालयों में शैक्षणिक पहलों को सशक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एचसीएल फाऊंडेशन द्वारा तैयार की गई मोबाइल STEM और डिजिटल लैब्स की भी शुरुआत की, जो आधुनिक डिजिटल लर्निंग टूल्स, रोबोटिक्स कीट और इंटरनेट कनेक्टिविटी से लैस होगी। यह लैब्स 12 चयनित विद्यालय में संचालित होगी और कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए हैंड्स-ऑन कार्यशालाएं तथा इंटरएक्टिव डिजिटल सत्र आयोजित करेंगी।
जिलाधिकारी ने एचसीएल फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह साझेदारी हमारे जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को नए आयाम देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और मोबाइल STEM व डिजिटल लैब्स विद्यार्थियों में जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ावा देगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करेगी।
एचसीएल फाउंडेशन की निदेशक एवं HCLTech की ग्लोबल CSR प्रमुख डॉ. निधि पुंधीर ने कहा: “हमारा उद्देश्य डिजिटल अंतर को पाटना और भविष्य के लिए तैयार शिक्षार्थियों का निर्माण करना है। हमारा मानना है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और भविष्योन्मुखी शिक्षा मिलनी चाहिए। यह साझेदारी छात्रों में रचनात्मकता सोच और 21वीं सदी के कौशलों को बढ़ावा देगी।”उन्होंने बताया कि एचसीएल फाउंडेशन 2017 से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 41 सरकारी स्कूलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है, जहाँ 24 ICT-इनेबल्ड क्लासरूम और कई डिजिटल लैब्स स्थापित की गई हैं,03 यंग कलाम साइंस सेंटर, 28 पुस्तकालय, 15 विद्यालयों और एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का कायाकल्प किया गया है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक्स और सहायक तकनीक आधारित प्रशिक्षण दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को भी दिया जा रहा है, 6,000 से अधिक स्कूल से बाहर के बच्चों को औपचारिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि यह फाउंडेशन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विकास लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक चलने वाले कार्यक्रमों में निवेश करता है, जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा, जमीनी स्तर पर खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, स्वच्छता, कौशल विकास और आजीविका तथा पर्यावरण एवं आपदा जोखिम प्रबंधन सम्मिलित हैं। सभी कार्यक्रमों में बच्चों की सुरक्षा, समावेश और लैंगिक समानता पर विशेष जोर दिया जाता है। अब तक की है फाउंडेशन 6.5 मिलियन से अधिक लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर चुका है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर धर्मवीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, अन्य संबंधित अधिकारीगण तथा एचसीएल फाउंडेशन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।



