स्कूलों में वाद-विवाद, पेंटिंग निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को किया जा रहा जागरूक
नगर पालिका, नगर पंचायतों द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण हेतु आम जन को किया जा रहा जागरूक
भूजल सप्ताह के दौरान आम जनमानस को दिलाई गई जल संरक्षण की शपथ
गौतम बुद्ध नगर: आम जनमानस व भावी पीढ़ी को जल की महत्ता और संरक्षण की आवश्यकता के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से डीएम मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिले में 16 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक “जल है तो कल है” थीम पर आधारित भूजल सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा प्रतिदिन जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित करते हुए आम जनमानस को जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण को लेकर जागरुक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि भूजल सप्ताह के दौरान जनपद के समस्त विद्यालयों में विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई जा रही है। साथ ही वाद-विवाद, पेंटिंग, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे बच्चों में जल संरक्षण की भावना बचपन से ही विकसित हो सके। कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को वीडियो क्लिप्स व प्रेजेंटेशन के माध्यम से जल संकट की गंभीरता, भूजल स्तर में गिरावट के दुष्परिणाम तथा वर्षा जल संचयन के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में नगर पंचायतों द्वारा भी ग्रामीण क्षेत्रों में तथा नगर पालिका व प्राधिकरणों द्वारा शहरी क्षेत्र में आम जनमानस को जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए, जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण हेतु जागरूक किया जा रहा है।



