Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशफर्जी पुलिस जॉइनिंग लेटर लेकर पहुंची युवती

फर्जी पुलिस जॉइनिंग लेटर लेकर पहुंची युवती

सहारनपुर:सहारनपुर में सिपाही की ट्रेनिंग लेने पहुंची एक युवती को पुलिस ने अरेस्ट किया। वह फर्जी जॉइनिंग लेटर लेकर ट्रेनिंग में शामिल होने पहुंची थी। सहारनपुर में ट्रेनिंग के लिए ‘मीनाक्षी’ नाम की 5 महिला सिपाही का नाम दर्ज है। जब छठा मीनाक्षी नाम सामने आया तो अधिकारियों को शक हुआ। पुलिस ने युवती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया।

लड़की ने बताया- मैंने दूसरी महिला सिपाही के जॉइनिंग लेटर को एडिट कर उसमें अपना नाम लिखा था। सोचा था कि ऐसा कर मैं भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो जाऊंगी। मुझे सरकारी नौकरी मिल जाएगी। मगर मैं पकड़ी गई।

आरोपी युवती की पहचान आगरा जिले के करनपुरी, जैतपुर कलां निवासी मीनाक्षी के रूप में हुई है। युवती की हाइट बहुत कम है। वह पुलिस में भर्ती होने के काबिल नहीं है। मीनाक्षी के खिलाफ सहारनपुर कोतवाली सदर बाजार में धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सिपाही भर्ती एग्जाम में फेल हो गई थी

पुलिस से मीनाक्षी ने बताया- आगरा में एक महिला पुलिसकर्मी मिली थी। उससे मैंने कहा था कि मुझे भी आपके जैसा बनना है। इसके बाद सिपाही भर्ती का फॉर्म भरा। एग्जाम दिया, मगर पास न हो सकी। बस किसी तरह नौकरी पानी थी, इसलिए फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार किया।

पुलिस ने बताया कि जिस लड़की का इसने जॉइनिंग लेटर एडिट कर फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार किया। उस लड़की को इसने धमकाया भी था। पुलिस ने आरोपी युवती के जब मोबाइल को खंगाल तो उसमें 10 दिन का ही डेटा मिला है।

पिछला सारा डेटा इसने डिलीट कर दिया है। आरोपी युवती के हाथों पर बहुत सारे कट के निशान हैं, जो पुराने हैं। पुलिस मान रही है कि प्रेम प्रसंग के कारण इसने कलाई काटी होगी। पुलिस युवती के प्रेम प्रसंग के भी बारे में पता लगा रही है।

सहारनपुर में 250 महिला रिक्रूट ट्रेनिंग कर रहीं

सहारनपुर में रिक्रूट की ट्रेनिंग चल रही है। यहां 250 महिला रिक्रूट पहुंची हैं। SSP रोहित सिंह सजवाण ने बताया- सिपाही ट्रेनिंग के लिए 6 जिलों के अभ्यर्थी सहारनपुर पुलिस लाइन में दस्तावेज सत्यापन के लिए आए हैं।

इसी दौरान आगरा जिले के करनपुरी, जैतपुर कलां निवासी मीनाक्षी नाम की युवती एक अभ्यर्थी के रूप में दस्तावेज जांच के लिए पहुंची। युवती ने अपने दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे। दस्तावेजों की जांच करने पर जॉइनिंग लेटर संदिग्ध लगा।

जब अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की, तो युवती ने अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती ने अमरोहा जिले के नवापुरा गांव की रहने वाली मीनाक्षी पुत्री शिवराज नाम की महिला अभ्यर्थी के दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।

महिला ने ये फर्जीवाड़ा अकेले किया या और लोग?

रोहित सिंह सजवाण ने बताया- पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी युवती ने ये फर्जीवाड़ा अकेले किया या इसमें कोई गिरोह शामिल है। जांच के बाद इस फर्जीवाड़े के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments