रायबरेली: रायबरेली के गदागंज थाने में एक प्रेम कहानी का सुखद अंत हुआ। थाने के मंदिर में दो प्रेमी युगल ने विवाह रचाया। दोनों परिवारों की सहमति से यह शादी संपन्न हुई। लोदीपुर उतरावां की श्याम दुलारी ने रविवार को धीरनपुर गांव के शिवकुमार के खिलाफ शिकायती पत्र दिया था। श्याम दुलारी का आरोप था कि शिवकुमार ने उसे शादी का वादा किया था। दोनों के बीच 7 साल से प्रेम संबंध चल रहा था, लेकिन अब शिवकुमार शादी से मुकर रहा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और युवक को थाने बुलाया। मंगलवार को दोनों पक्षों की मौजूदगी में शिवकुमार और श्याम दुलारी ने थाने के मंदिर में शादी कर ली। थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि दोनों की सहमति से विवाह संपन्न हुआ।
शिवकुमार प्राइवेट नौकरी करता है और श्याम दुलारी गृहिणी हैं। दोनों की मुलाकात खेती के काम के दौरान हुई थी। श्याम दुलारी शादी के लिए शिवकुमार पर दबाव बना रही थी। शिवकुमार टालमटोल कर रहा था। इसी वजह से मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस की पहल पर दोनों परिवारों की सहमति से विवाह सम्पन्न हुआ।



