Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा:प्रशासन अलर्ट जारी

प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा:प्रशासन अलर्ट जारी

प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे ऊपर चढ़ रहा है।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो गंगा नदी का जलस्तर फाफामऊ में 20 सेंटीमीटर और छतनाग में 3 सेंटीमीटर बढ़ा है। वहीं यमुना नदी का जलस्तर नैनी में 14 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।

शनिवार सुबह 8 बजे तक गंगा का जलस्तर फाफामऊ में 76.48 मीटर और छतनाग में 71.21 मीटर तक पहुंच गया, जबकि यमुना नदी नैनी में 72.21 मीटर पर बह रही है।

हालांकि फिलहाल दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। प्रयागराज के संगम क्षेत्र में गंगा और यमुना नदियों के लिए खतरे का स्तर (डेंजर लेवल) 84.734 मीटर निर्धारित है। इसके बावजूद प्रशासन कोई चूक नहीं बरत रहा है।

सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम से 24 घंटे जलस्तर की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और जल पुलिस की टीमों को संगम और घाटों के आसपास तैनात किया गया है।

प्रशासन ने घाट किनारे रह रहे तीर्थ पुरोहितों, नाविकों और आम जनता को सतर्क रहने की अपील की है। जिले की सभी बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि खतरे की स्थिति में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments