Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराज में एक बाइक पर सवार 5 लोगों की मौत

प्रयागराज में एक बाइक पर सवार 5 लोगों की मौत

टैंकर रौंदते हुए निकला, सड़क पर बिखरे शव; मृतकों में दो बच्चे भी
प्रयागराज। प्रयागराज में हुए सड़क हादसे में एक परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 2 बच्चे भी हैं। सभी एक बाइक पर थे। टैंकर ने बाइक में टक्कर मारी। इससे उस पर सवार लोग टैंकर के टायर में फंसकर करीब 50 मीटर तक रगड़ते रहे।
हादसा इतना भीषण था कि किसी के पैर कट गए तो किसी का हाथ दूर जा गिरा। मरने वाले सभी जौनपुर के रहने वाले हैं, प्रयागराज के सरायममरेज से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
विकास के साथ उसकी मां भी थी
जौनपुर में मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द निवासी विकास (25 साल) खेती किसानी करता था। वह बुढिया के इनारा से हण्डिया बारात गया था। बारात से लौटने के बाद विकास बाइक से सोमवार सुबह करीब 11 बजे वापस गांव लौट रहा था। बाइक पर उसकी मां सुम्मरी (60 साल), चाची जनता देवी (34 साल) और उनके 2 बच्चे दीवाना (7 साल) और लक्ष्मी (8 माह) सवार थे।
विकास अभी प्रयागराज में गंगापार इलाके में रस्तीपुर गांव के पास पहुंचा था कि एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। बैलेंस बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा। टैंकर इतनी स्पीड में था कि वह लोगों को रौंदते हुए निकल गया। सभी 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई।
गांववालों ने टैंकर ड्राइवर को पीटा
गांव के लोग दौड़कर घटनास्थल पर आए। मगर, किसी को बचाया नहीं जा सका। लोगों ने टैंकर के ड्राइवर को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी पिटाई की और एक जगह बैठा लिया। खबर पाकर सरायममरेज पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस शवों का पोस्टमॉर्टम करवा रही है। टैंकर ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
डीसीपी अभिषेक भारती ने कहा- 2 थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। परिवार वालों को सूचना देकर बुलाया गया है। टैंकर को मौके से पकड़ लिया गया है। ड्राइवर हमारी हिरासत में है।
विकास के घरवालों को पुलिस ने हादसे की जानकारी दी है। लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववाले भी विकास के घर पहुंच रहे हैं। पूरे गांव में मातम पसर गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर भेजा है। पीड़ित परिवार की मदद करने का निर्देश दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments