“अनुभवी प्रशासक और समर्पित जनसेवक थे नाइक”
नई दिल्ली/पणजी: गोवा के वरिष्ठ मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को गहरा शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोकसेवक बताया, जिनका योगदान गोवा के विकास में हमेशा याद रखा जाएगा।
79 वर्षीय रवि नाइक का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वे चार दशकों से अधिक समय तक राजनीति में सक्रिय रहे और सात बार विधायक चुने गए। उन्होंने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसे प्रमुख दलों का प्रतिनिधित्व करते हुए कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर पोस्ट कर कहा:
“गोवा सरकार में मंत्री रवि नाइक जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने गोवा के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। वह विशेष रूप से दलित और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए तत्पर रहते थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नाइक न केवल प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाते थे, बल्कि उन्होंने सामाजिक न्याय और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया। उनके निधन को गोवा की राजनीति में एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।



