गौतम बुद्ध नगर : ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस निराला एस्टेट के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान गौर सिटी से सूरजपुर की तरफ एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर तेज गति से आया।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान सूरज उर्फ संतोष (28) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फिरोजाबाद के थाना लाइन पार क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल बिसरख के पतवाड़ी गांव में रह रहा था।
बदमाश के पास से अवैध तमंचा बरामद
पुलिस ने बदमाश के पास से दिल्ली से चोरी की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल, शाहबेरी की ज्वैलरी शॉप से चोरी किए गए आभूषण और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



