
मृतक चुम्मन साहू, जिसे पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला।
गरियाबंद (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में 2 बच्चों की मां ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को मार डाला। पत्नी का गांव के मैकेनिक युवक से अफेयर था। पति ने दोनों को पहले भी घर पर रंगे हाथों पकड़ा था। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसलिए पति को रास्ते से हटाकर पत्नी प्रेमी संग घर बसाना चाहती थी।
पति की युवक से भी अच्छी जान-पहचान थी। साजिश के तहत 25 जुलाई की रात प्रेमी ने पहले पति को खूब शराब पिलाई। जब वह होश में नहीं रहा तो उसे घर छोड़ने आया। फिर पत्नी और प्रेमी ने मिलकर तकिए से उसका दम घुटते तक मुंह दबाए रखा, जिससे उसकी जान चली गई। मामला पाण्डुका थाना क्षेत्र का है।
वारदात के बाद बॉयफ्रेंड चला गया और पत्नी रात भर पति की लाश के पास सोई रही। सुबह घरवालों के सामने रोने का नाटक करने लगी। उसने बताया कि ज्यादा शराब पीने से पति की मौत हो गई। परिवार वालों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन दशगात्र से पहले ससुर को शक होने पर वह थाने पहुंचा। तब मामले का खुलासा हुआ।
डेढ़ साल से मैकेनिक से अफेयर
कोपरा के रहने वाले चुम्मन साहू (35) और प्रतिमा साहू (30) की शादी को 4 साल हो गए थे। उनके 2 बच्चे हैं। 1 साल की बेटी, 2 साल का बेटा है। चुम्मन किसान परिवार से था, लेकिन वह बेरोजगार था।
इसी गांव का रहने वाला दौलत पटेल (32) पेशे से मैकेनिक है। वह बिजली के काम से चुम्मन के घर आया करता था। डेढ़ साल पहले दौलत और चुम्मन की पत्नी का अफेयर शुरू हो गया। दोनों घर में कई बार रंगे हाथ पकड़ाए। पति ने प्रतिमा की पिटाई की थी। इसके बाद से वह पत्नी से अक्सर मारपीट करता था। घर वालों को भी इसकी जानकारी थी।
मोबाइल पर की मर्डर की प्लानिंग
पूछताछ में पत्नी ने बताया कि वह अफेयर के बाद पति की मारपीट से परेशान पत्नी। प्रेमी के साथ घर बसाना चाहती थी। घटना वाली रात दोनों ने मोबाइल पर मर्डर की पूरी प्लानिंग की थी।
पहले शराब पिलाई, फिर तकिए से मुंह दबाया
पत्नी और बॉयफ्रेंड को पता था कि चुम्मन शराब का आदी है। 25 जुलाई की रात दौलत चुम्मन से मिला। उससे साथ बैठकर शराब पीने की बात कही। इस दौरान दौलत ने चुम्मन को इतनी शराब पिलाई कि वह होश में नहीं रहा।
रात भर लाश के साथ सोई पत्नी
जब चुम्मन घर लौटा तो दौलत भी उसके साथ आया। पति के सोते ही प्रतिमा और दौलत ने तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद प्रतिमा सुबह तक मृत पति के साथ बिस्तर पर सोती रही।
घरवालों को बताया शराब से गई जान
सुबह होने से पहले प्रतिमा ने परिवार वालों को जगाया। उसने बताया कि ज्यादा शराब पीने की वजह से चुम्मन की मौत गई। परिजनों ने उसकी बात मानकर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।लेकिन ससुर बिसेलाल को बहू की बातों पर संदेह था। गांव के बिजली कर्मी दौलत का घर आना-जाना उन्हें खटक रहा था।
ससुर को शक, फिर सामने आया सच
दशगात्र समाप्त होने के बाद बिसेलाल ने पाण्डुका थाने में जाकर बहू पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रतिमा और दौलत को हिरासत में ले लिया। पहले दोनों ने इनकार किया, लेकिन अलग-अलग पूछताछ में वे टूट गए और हत्या कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूछताछ में प्रतिमा ने आरोप लगाया कि पति आए दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इसलिए दौलत के साथ उसके संबंध बन गए। प्रतिमा ने यह भी स्वीकार किया कि दोनों ने घर पर कई बार संबंध बनाए थे।



