नागौर : नागौर में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। रुक-रुककर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। गुरुवार रात से शुक्रवार रात तक तेज बरसात से निचले इलाकों में जलभराव हुआ है। मुख्य सड़कों व गली मोहल्लों में पानी भरा है।
प्रशासन भी चौकस है और बारिश से बनने वाली परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है। अगले 24 घंटे में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
नागौर जिलेभर में हुई बारिश की तहसीलवार बात करें तो सर्वाधिक बारिश मेड़ता इलाके में दर्ज हुई है।
नागौर तहसीलदार नृसिंह टांक ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक नागौर में 55 एमएम, मूंडवा में 82 एमएम, खींवसर में 135 एमएम, जायल में 21 एमएम, डेह में 14 एमएम, मेड़ता में 228 एमएम, रियांबड़ी में 173 एमएम, डेगाना में 109 एमएम और सांजू में 126 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
तेज बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है।
नागौर में हुई बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट आई है। आज सुबह नागौर का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को नागौर का न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बरसात को लेकर अभी भी बादल मंडरा रहे हैं। लगातार बारिश होने से गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं बारिश रुकते ही उमस शुरु हो जाती है। रविवार से फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।



