
वाॅशिंगटन : एपल के सीईओ टिम कुक ने 6 अगस्त को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 24 कैरट सोने के बेस पर बना स्पेशल गिफ्ट दिया।
कुक ने ये गिफ्ट एपल के “अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम” के विस्तार के जश्न के मौके पर दिया। इस दौरान कुक ने एडिशनल 9 लाख करोड़ रुपए के निवेश का वादा भी किया।
24 कैरट सोने के बेस पर लगी ग्लास डिस्क पर ट्रम्प का नाम
ट्रम्प को जो कस्टम मेड गिफ्ट दिया गया है वो एक ग्लास डिस्क है। ये 24 कैरट सोने के बेस पर लगी हुई है। इसमें इस्तेमाल ग्लास एपल के सप्लायर कॉर्निंग ने बनाया है।
बीच में एपल का लोगो है। ट्रम्प का नाम ऊपर की ओर खुदा हुआ है, जबकि नीचे कुक के साइन दिखाई देते हैं, साथ ही “मेड इन यूएसए” और साल 2025 लिखा है।
कुक के अनुसार, इस डिजाइन को एक पूर्व अमेरिकी मरीन कॉर्प्स कॉर्पोरल ने तैयार किया, जो वर्तमान में एपल में काम करते हैं। सोने का बेस यूटा से लिया किया गया है।
4 साल में ₹50 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश करेगा एपल
एपल ने अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए 100 अरब डॉलर यानी, करीब 9 लाख करोड़ रुपए का अतिरिक्त निवेश करने का ऐलान किया है। ये कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव का जवाब है, जो चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा प्रोडक्शन अमेरिका में ही हो।
इससे पहले एपल ने 4 साल में 500 अरब डॉलर (करीब 44 लाख करोड़ रुपए) के निवेश का ऐलान किया था। ये निवेश प्लान कंपनी की घरेलू सप्लाई चेन और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करने पर फोकस करेगा। यानी, एपल अब ₹50 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश करेगा।
ट्रम्प नहीं चाहते कि एपल के प्रोडक्ट भारत में बनें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नहीं चाहते कि एपल के प्रोडक्ट भारत में बने। कुछ महीने पहले ट्रम्प ने कंपनी के CEO टिम कुक से कहा था कि भारत में फैक्ट्रियां लगाने की जरूरत नहीं है। इंडिया अपना ख्याल खुद रख सकता है। एपल को अब अमेरिका में प्रोडक्शन बढ़ाना होगा।
अमेरिकी बाजार में बिकने वाले 50% आईफोन भारत में बन रहे
एपल के CEO टिम कुक ने हाल ही दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि अमेरिकी बाजार में बिकने वाले 50% आईफोन भारत में बन रहे हैं। कुक ने कहा कि भारत अप्रैल-जून तिमाही में अमेरिका में बिकने वाले आईफोन्स का कंट्री ऑफ ओरिजिन बन जाएगा। उन्होंने बताया कि एयरपॉड्स, एपल वॉच जैसे अन्य प्रोडक्ट्स भी ज्यादातर वियतनाम में बनाए जा रहे हैं।



