Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडाजिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

डीएम ने विद्यालय के जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण व कायाकल्प कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

गौतमबुद्धनगर : जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के कार्यालय कक्ष में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों के जर्जर भवनों के ढांचे का मूल्यांकन, नीलामी एवं ध्वस्तीकरण, ऑपरेशन कायाकल्प तथा विद्यालय युग्मन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद के 28 जर्जर विद्यालयों में से 16 विद्यालयों का मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है, शेष 12 विद्यालयों का मूल्यांकन 05 अगस्त 2025 तक उपलब्ध करा दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विद्यालय भवनों के ढांचे की तीन बार नीलामी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनका ध्वस्तीकरण संबंधित ग्राम प्रधान, प्राधिकरण, नगर पंचायत या नगर पालिका द्वारा शासनादेश के अनुरूप शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी और प्राधिकरण संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।

ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जिलाधिकारी ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों में 19 मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालय युग्मन(Pairing) के उपरान्त खाली हुए भवनों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि समस्त सी०डी०पी०ओ०, 02 दिवस के भीतर इन भवनों का निरीक्षण कर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कराएं एवं यह भी सुनिश्चित करें कि संबंधित भवन जर्जर अवस्था में हैं या नहीं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता, नगर पालिका परिषद दादरी के अधिशासी अधिकारी, जेई, नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण के प्रतिनिधिगण, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (निर्माण व प्रशिक्षण) एवं समस्त सी०डी०पी०ओ० उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments