स्वाति मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर 13 मई को हुई मारपीट केस में पीड़ित आम आदमी पार्टी सांसद स्वाति मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट आ गई है।
रिपोर्ट में 2 तस्वीरों के साथ स्वाति की आंख और पैर पर चोट के निशान का जिक्र किया गया है। दिल्ली पुलिस ने 16 मई को रात 11 बजे स्वाति का मेडिकल एम्स में करवाया था।
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने सीएम केजरीवाल के पीए बिभव कुमार को हिरासत में ले लिया है।
उधर, स्वाति से मारपीट की घटना के दिन का दूसरा वीडियो सामने आया है। 32 सेकेंड के वीडियो में पुलिसवाले स्वाति मालीवाल को सीएम हाउस से निकालते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो के आखिर में स्वाति महिला सिक्योरिटी गार्ड का हाथ झटक रही हैं और पुलिस अफसरों से बात कर रही हैं।
आप सांसद राघव चड्ढा भी शनिवार को अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके घर पहुंचे हैं। राघव मार्च से ही अपने आंखों की सर्जरी के लिए लंदन में थे।
13 मई को सीएम हाउस में क्या हुआ था
स्वाति मालीवाल 13 मई को सुबह 9 बजे सीएम आवास पहुंची थीं। आरोप है कि बिभव ने बदसलूकी और मारपीट की। 3 दिन बाद यानी 16 मई की दोपहर को पुलिस उनके घर पहुंची और बयान दर्ज किया। इसके बाद स्वाति की शिकायत पर बिभव के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने 16 मई की रात 9: 30 बजे एफआईआर दर्ज की।
एफआईआर में यह भी लिखा है कि विभव ने उनके सीने और पेट पर लात मारी, उनका सिर टेबल पर पटक दिया। स्वाति मालीवाल ने 17 मई को तीस हजारी कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया है।
मारपीट के आरोपी अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार ने मालीवाल के खिलाफ 17 मई को एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में कहा कि स्वाति मालीवाल जबरदस्ती सीएम आवास में दाखिल हुईं और रोके जाने पर हंगामा खड़ा किया और स्टाफ को गाली दी।
केजरीवाल के पीए बिभव कुमार हिरासत में
RELATED ARTICLES



