Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeमध्य प्रदेशउज्जैन में उफनती नदी में कार बही:ग्रामीणों ने रोका पर नहीं माना...

उज्जैन में उफनती नदी में कार बही:ग्रामीणों ने रोका पर नहीं माना चालक, पुलिया पर उतार दी कार: बमुश्किल बचाया

उज्जैन : उज्जैन में बुधवार और गुरुवार को हुई तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। जिले के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। ऐसे में बागेड़ी नदी की पुलिया पार करते हुए खाचरोद के समीप ग्राम नंदयासी में कार बह गई। ग्रामीणों ने कार सवार को बमुश्किल बचाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नदी में बहती कार में सवार भी दिखाई दे रहा है।

उज्जैन, इंदौर, देवास और आसपास पिछले दिनों से तेज बारिश हो रही है। जिससे नदी और नालों ने किनारे छोड़ दिए हैं। पानी ज्यादा होने के कारण छोटी पुलिया, रपटे सहित कई जगह रास्ते बंद हैं। इसके बाद भी कुछ लोग जान की बाजी लगाकर उफनती नदी पार कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने मना किया पर कार सवार नहीं माना

नंदयासी में जब कार सवार पुलिया पार करने की कोशिश कर रहा था, तब ग्रामीणों ने पुलिया पर अधिक पानी होने का कहकर उसे रोका था, पर वह नहीं माना। कार सवार ने पुलिया पर आधा रास्ता तय कर लिया था पर बीच पुलिया पर गाड़ी रुक गई, कुछ देर खड़ी रही और फिर पानी के तेज बहाव में बह गई। कुछ दूर जाने के बाद कार एक जगह जाकर रुक गई। फिर ग्रामीणों ने कार चालक को निकाला। कार चालक काज्याखेड़ी निवासी श्रीराम जाट बताया जा रहा है।

पुल-पुलिया पर पुलिस तैनात

उधर, बारिश और नदी-नालों में बाढ़ के हालातों को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। ऐसे पुल और पुलिया पर पुलिस तैनात की गई है, जो पानी में डूबे या असुरक्षित हैं। ग्रामीण भी अपने स्तर पर लोगों को ऐसे पुल-पुलियों को क्रॉस करने से रोक रहे हैं।

अब तक 27 इंच बारिश

उज्जैन में अब तक 27 इंच बारिश दर्ज की गई है। इसमें से 6 इंच बारिश पिछले दो दिनों में हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments