स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा हेतु जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुयी सम्पन्न
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ जन-जन तक पहुंचाने पर दिया जोर
अस्पताल परिसर में साफ सफाई, मेडिकल उपकरण व दवाओ की उपलब्धता का रखें विशेष ध्यान
सैम व मैम बच्चों को समय पर पोषण व दवाएं दें, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हो सुनिश्चित
टीबी के मरीजों की स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी गण नियमित रूप से करें मॉनिटरिंग
डायरिया रोको अभियान के तहत आशा कार्यकत्री हर घर भ्रमण कर बच्चों की सूची करें तैयार
गौतमबुद्ध नगर: जनसामान्य को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा हेतु आज डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने आउटडोर मरीजों की समीक्षा, भर्ती मरीजों की समीक्षा, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, डायरिया रोको अभियान, आयुष्मान भारत, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, ई-कवच, ई-संजीवनी, नियमित टीकाकरण, मातृत्व स्वास्थ्य आदि कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अधिकारियों और चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहकर योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी तत्परता से कार्य करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की प्रगति से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री टीवी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि जो भी टीबी के चिन्हित मरीजों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए एवं उनका समय-समय पर पोषण पोटली का वितरण करते रहें। उन्होंने 16 जून से 31 जुलाई 2025 तक चलने वाले डायरिया रोको अभियान की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग का अधिकारियों से कहा कि डायरिया की रोकथाम हेतु आशा कार्यकत्री के माध्यम से हर घर का भ्रमण कर कर बच्चों की सूची तैयार की जाए और सभी को ओआरएस एवं जिंक निशुल्क उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखा जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण अभियान की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाए। सैम-मैम बच्चों को समय से पोषाहार और दवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच कराते रहने को कहा गया। उन्होंने संपूर्ण टीकाकरण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह भी कहा कि जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए एवं अस्पतालों में दवाइयों और आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहनी चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से कहा कि आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीमों का गठन करते हुए सभी तैयारियां समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रेनू अग्रवाल, डीपीएम मंजीत कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



